पाक सुप्रीम कोर्ट के सामने लगेगा ‘मजमा’, इमरान पर दरियादिली का आरोप लगा PDM ने किया धरने का ऐलान
इमरान खान को सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट से मिली रियायतों पर पाकिस्तान की सत्ताधारी गठबंधन पीडीएम ने मोर्चा खोल दिया है। पीडीएम के संयोजक मौलाना फजलुर रहमान ने ऐलान किया है कि सोमवार को पीडीएम के सभी दलों के कार्यकर्ता इस्लामाबाद में सुप्रीम कोर्ट के सामने विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि हमें 3-2 का फैसला मंजूर नहीं है। ऐसे में अंदेशा जताया जा रहा है कि पाकिस्तान सरकार सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस उमर अता बंदियाल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकती है। पीडीएम का आरोप है कि चीफ जस्टिस इमरान खान के समर्थक हैं और उनके पक्ष में फैसले सुना रहे हैं।चीफ जस्टिस पर पीडीएम का हमलापीडीएम चीफ फजलुर रहमान ने चीफ जस्टिस बंदियाल पर हमला बोलते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट मदर ऑफ लॉ है मदर इन लॉ नहीं। दरअसल, चीफ जस्टिस की सास महजबीन नून इमरान खान की पार्टी पीटीआई की नेता हैं। फजलुर रहमान ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जिस तरह से इमरान खान को रियायतें दी हैं, वो कानून और संविधान के खिलाफ है। ऐसे में हमें सुप्रीम कोर्ट को बताना पड़ेगा कि वह बिना कानून और संविधान के फैसले नहीं सुना सकती है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता सुप्रीम कोर्ट के सामने धरना देंगे।




