UP की लोकसभा सीटों के सर्वे में NDA ने तो छप्पर फाड़ दिया, I.N.D.I.A. का दम कितनी सीटों पर? हाल जान लीजिए
अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 से पहले सभी निगाहें उत्तर प्रदेश की तरफ टिकी हैं। 80 सीटों के साथ देश के सबसे बड़े राज्य यूपी में कौन बाजी मारगा? बीजेपी की अगुवाई में NDA या फिर विपक्षी दलों का I.N.D.I.A में से किसे कितनी सीटें मिल सकती हैं, इसको लेकर सर्वे का नतीजा आ गया है। एनडीए को इस बार 6 सीटों का फायदा होता नजर आ रहा है।
इंडिया टुडे- सी वोटर सर्वे में उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 72 सीटें NDA गठबंधन को जाती दिख रही हैं। वहीं सपा, कांग्रेस सहित I.N.D.I.A गठबंधन के खाते में महज 8 सीटें ही जा रही हैं। फिलहाल 66 सीटों पर एनडीए का कब्जा है। ऐसे में सर्वे के अनुसार 6 लोकसभा सीटों पर बीजेपी की अगुवाई वाले गठबंधन को फायदा मिल रहा है।
| मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि | वोट नतीजे |
| कोविड महामारी से निपटना | 21% |
| भ्रष्टाचार रहित सरकार | 13% |
| 370 की विदाई | 12% |
| राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर | 11% |
| आधारभूत सुविधाएं | 7% |
| पाकिस्तान-चीन विवाद | 2% |
2019 के लोकसभा परिणाम में बीजेपी को 62, अपना दल को 2, कांग्रेस को एक, बसपा को 10 और सपा को 5 सीटों पर जीत मिली थी। बाद में 3 जगहों पर उपचुनाव हुए। इसमें रामपुर और आजमगढ़ में बीजेपी ने कब्जा जमा लिया। वहीं मैनपुरी में सपा की डिंपल यादव जीतकर आईं।
| मोदी सरकार की सबसे बड़ी नाकामी | वोट नतीजे |
| महंगाई | 25% |
| बेरोजगारी | 17% |
| आर्थिक विकास | 12 % |
2024 में किसकी सरकार आएगी, इस पर आज चुनाव हुए तो सर्वे में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनती दिख रही है। एनडीए के खाते में 306 सीटें जाती दिख रही हैं। तो वहीं विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A को 193 सीटें। वहीं अन्य के खाते में 44 सीटें मिलती दिख रही हैं।
सर्वे में सबसे बेहतर सीएम के जवाब में 43 फीसदी लोगों ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिया। वहीं इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर अरविंद केजरीवाल हैं, जिनको 19 फीसदी लोग सबसे अच्छा सीएम मानते हैं। वहीं बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 9 फीसदी लोगों ने इस सर्वे में वोट दिया। इस लिस्ट में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का नाम चौथे नंबर पर आता है, जिन्हें 6 प्रतिशत लोगों ने वोट दिया। वहीं पांचवें नंबर पर ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक हैं जिन्हें 3 प्रतिशत लोग सबसे बेहतर सीएम मानते हैं।



