JharkhandStatesWeather

झारखंड में फिर बदलेगा मौसम, बारिश के साथ वज्रपात.

कई जिलों में तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी.

रांची : झारखंड में रविवार से एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है। उत्तर-पश्चिम और मध्य झारखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी। शनिवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। जमशेदपुर में सबसे अधिक 52.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। रांची में 7.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि डाल्टनगंज में 13.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

चाईबासा में 9.4 मिलीमीटर और बोकारो में 3.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। खूंटी में 19 मिलीमीटर तथा लातेहार में 9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 10 से 12 अगस्त तक राज्य में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 10 अगस्त को दक्षिणी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। 11 और 12 अगस्त को भी कई इलाकों में गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। इन दिनों आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना भी बनी रहेगी। 13 और 14 अगस्त को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बादल और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

राजधानी रांची में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है। 12 अगस्त तक दिन में एक से अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 13 और 14 अगस्त को भी राजधानी में बारिश होने की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर, झारखंड में अब तक मानसून की बारिश सामान्य से 21 फीसदी कम रही है। राज्य में औसतन 465.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 590.8 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। चतरा में सामान्य से 55 फीसदी और गोड्डा में 57 फीसदी कम बारिश हुई है। देवघर में 46 फीसदी, गिरिडीह में 41 फीसदी और कोडरमा में 43 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई है। वहीं पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 21 फीसदी अधिक बारिश हुई है और रांची तथा साहिबगंज में बारिश की कमी करीब 8 फीसदी रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button