Medininagar : पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के रेवारातू गांव में शनिवार को पत्थर माइंस में हुए जोरदार विस्फोट ने पूरे गांव में दहशत फैला दी। विस्फोट इतना तेज था कि पहाड़ी से उड़कर कई छोटे-बड़े पत्थर बस्ती और स्कूल के पास जा गिरे। स्कूल में बाहर पढ़ रहे बच्चों से करीब 10 फीट दूर एक बड़ा पत्थर गिरा, जिससे बच्चे बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई।
घटना के बाद गांव के लोग भयभीत हो गए और घरों में दुबके रहे। बताया जा रहा है कि गांव का एक व्यक्ति अपने घर की छत पर काम कर रहा था, तभी उसके पास एक बड़ा पत्थर गिरा। हालांकि वह सुरक्षित बच गया, लेकिन घटना ने लोगों में डर और गुस्सा दोनों बढ़ा दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले ही इस तरह की घटना होने की आशंका जताई थी, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी।
इस माइंस को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। 5 नवंबर को माइंस शुरू कराने पहुंचे प्रशासन और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई थी। उस दौरान पत्थरबाजी और लाठीचार्ज भी हुआ था, जिसमें कई ग्रामीण और सुरक्षा बल के जवान घायल हुए थे। फिलहाल ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि माइंस संचालन पर रोक लगाई जाए और सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया जाए।



