बहरागोड़ा में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल तेज.
विधायक समीर मोहंती ने 33 सखी मंडलों को सिलाई मशीन दीं.
Baharagora: महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में बहरागोड़ा प्रखंड परिसर में शनिवार को विशेष वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक समीर मोहंती ने 33 सखी मंडलों की दीदियों के बीच कल्याण विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई सिलाई मशीनों का वितरण किया। ये सभी महिलाएं झारखंड स्टेट लाइवलीहुड्स प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) से जुड़ी हुई हैं।
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार महिलाओं को सिर्फ गृहिणी नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से मजबूत बनते हुए समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा बनते देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि सखी मंडल की महिलाएं आज आत्मनिर्भरता का उदाहरण हैं और यह सिलाई मशीनें उनके रोजगार के नए अवसर खोलेंगी। इस मौके पर उपस्थित महिलाओं ने भी इस पहल का स्वागत किया।
कल्याण विभाग द्वारा वितरित सिलाई मशीन मिलने पर सखी मंडल की महिलाएं उत्साहित दिखीं। उन्होंने बताया कि यह सहयोग उनके आत्मविश्वास में वृद्धि करेगा और वे स्थानीय बाजार में कपड़ों की सिलाई और बिक्री का कार्य शुरू करेंगी। कार्यक्रम में बीडीओ केशव भारती, सीओ राजाराम सिंह मुंडा, बीस सूत्री अध्यक्ष असित मिश्रा, निर्मल दुबे, मनोरंजन होता और JSLPS के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



