दुमका : दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र स्थित बरदेही गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। गांव में मातम और भय का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार महिला और दो बच्चों का शव घर के अंदर मिला। जबकि पति का शव घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में पाया गया। पुलिस के मुताबिक महिला और बच्चों के गले में रस्सी बंधी हुई थी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या जैसा लग रहा है। लेकिन घटना के पीछे हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पति की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले खेत में पति का शव देखा। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घर की जांच की तो तीनों के शव अंदर कमरे में मिले। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लिया और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस इस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से कर रही है। जिम्मेदार अधिकारी मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। लोग सत्य सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।



