रांची में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर देर रात तक चले ऑपरेशन में पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा गिरोह के सदस्य को हथियार के साथ पकड़ा। यह गिरफ्तारी चुटिया थाना क्षेत्र में हुई, जहां सिटी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम ने अभियान चलाया था।
गिरफ्तार अपराधी शेरा को पुलिस ने उस समय पकड़ा जब वह स्कूटी पर हथियार लेकर पावर हाउस रोड से गुजर रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल इलाके में नाकेबंदी कर दी थी। तलाशी के दौरान उसके पास से पिस्टल और जिंदा गोली बरामद हुई। पुलिस की तेजी और सतर्कता के कारण शेरा मौके पर ही धर दबोचा गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शेरा डोरंडा गोलीबारी का मुख्य आरोपी है और घटना के बाद से फरार था। पुलिस उसे अज्ञात स्थान पर ले जाकर पूछताछ कर रही है। संभावना है कि पूछताछ में गिरोह से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आएंगी। रांची पुलिस ने इसे अपराध नियंत्रण अभियान की बड़ी उपलब्धि बताया है।


