सुबह में सरकारी नौकरी से इस्तीफा और शाम को बीजेपी से टिकट, जानें कौन हैं डॉ विजय आनंद मरावी
बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मध्यप्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव (MP Election News 2023) के लिए 39 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। इस बार विधानसभा चुनाव में शासकीय सेवक भी किस्मत आजमा रहे हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल जबलपुर में असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट के पद पर पदस्थ डॉ विजय आनंद मरावी को भी टिकट मिला है। उन्होंने सुबह में सरकारी नौकरी छोड़ी और शाम को टिकट मिल गया है। डॉ आनंद मरावी के नाम की अब खूब चर्चा है।
दरअसल, मध्यप्रदेश विधानसभा 2023 के चुनाव के लिए बीजेपी ने अपनी पहली सूची जारी की है। मंडला जिले की बिछिया विधानसभा सीट के लिए डॉ विजय आनंद मरावी के नाम की घोषणा की है। बिछिया विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति (आदिवासी) वर्ग के लिए आरक्षित है। डॉ विजय आनंद आदिवासी समुदाय से आते हैं और वो लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयं संघ जुड़कर कार्य कर रहे हैं।
वर्ष 2018 में बिछिया विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के करीबी डॉ शिवराज शाह को टिकट दिया गया था। डॉ शिवराज शाह अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के नारायण सिंह पट्टा से मात्र 21 हजार 388 वोट से हार गए थे। कांग्रेस के नारायण सिंह पट्टा को 76544 (40.91%) और बीजेपी के डॉ शिवराज शाह को 55156 (29.48%) वोट मिले थे। सात 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने डॉ विजय आनंद मरावी के नाम की घोषणा कर दी है। इसके बाद बिछिया के कई संभावित नामों पर विराम लग गया है।
डॉ विजय आनंद मरावी मेडिकल कालेज जबलपुर में असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट के पद पर रहते हुए कई कार्य किए हैं। नवभारत टाइम्स.कॉम से बात करते हुए डॉ मरावी ने बताया कि वो संघ में रहते हुए आदिवासी समुदाय के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। पार्टी ने उन्हें एक माह पूर्व ही जानकारी दी थी कि आपको बिछिया से चुनाव लड़ना है आप तैयारी करें। पार्टी की तरफ से सूचना मिलने के बाद मैंने एक माह पहले ही विभाग को इस्तीफे की सूचना दे दी थी। टिकट की घोषणा से पहले गुरुवार को इस्तीफा मैंने दे दिया है।




