कुख्यात डकैत रामसहाय गुर्जर की आहट से अलर्ट पर पुलिस, यूपी, एमपी और राजस्थान में है इसका ‘खौफ’
चंबल के बीहड़ों में एक समय डकैतों की धाक होती थी। डकैतों के किस्से आज भी सुनकर लोग सिहर जाते हैं। सालों बाद ग्वालियर-चंबल में एक बार फिर से डकैतों की आहट सुनाई दे रही है। ग्वालियर जिले के घाटीगांव इलाके में 50 हजार के इनामी डकैत रामसहाय गुर्जर मूवमेंट देखने को मिल रहा है। इसके बाद पुलिस भी अलर्ट हो गई है। उसके मूवमेंट को पुलिस अभी स्वीकार नहीं कर रही है लेकिन खुफिया तरीके से आसपास के थानों ने सर्चिंग शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि 50000 के इनामी डकैत रामसहाय गुर्जर को बीते कुछ दिनों में घाटी गांव की भंवरपुर के जंगलों में देखा गया है। इस बात की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को दी है। इसके बाद से पुलिस पूरी तरह से अलर्ट नजर आ रही है।
तीन राज्यों की पुलिस ढूंढ रही
डकैत रामसहाय इस समय मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में पुलिस के लिए सिर दर्द बना हुआ है। बताया जाता है कि डकैती की वारदात करने के बाद यह कुछ दिनों के लिए शांत हो जाता है। मामला ठंडा पड़ने के बाद किसी भी राज्य में जाकर अगली वारदात को अंजाम देता है। डकैत रामसहाय गुर्जर राजस्थान का रहने वाला है।



