केएल राहुल के बाद कौन बनेगा नया उपकप्तान? टीम इंडिया का रोहित शर्मा पर छोड़ा फैसला बीसीसीआई ने

भारतीय टीम के टेस्ट क्रिकेट में लगातार फ्लॉप रहने वाले उपकप्तान केएल राहुल की छुट्टी हो गई है. हालांकि बीसीसीआई चयनकर्ताओं ने उनकी जगह वाइस कैप्टन की घोषणा नहीं की है. यह फैसला भारतीय बोर्ड ने कप्तान रोहित शर्मा पर छोड़ दिया है. अब हिटमैन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शेष दो मैचों के लिए भारतीय टेस्ट टीम के उप कप्तान का फैसला करेंगे. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज के दो शेष मुकाबले इंदौर और अहमदाबाद में खेले जाएंगे.
रोहित शर्मा पर छोड़ा गया फैसला
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए एक सूत्र ने कहा, किसी को भी उप-कप्तान बनाने का फैसला नहीं लिया गया है. इसके बजाय यह अधिकार रोहित शर्मा को दिया गया है कि उनकी कॉल के अनुसार मैदान छोड़ने की स्थिति में टीम का नेतृत्व कौन करेगा? इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिसंबर में घोषित की गई भारतीय टेस्ट टीम का उपकप्तान केएल राहुल को बनाया गया था. लेकिन उनकी खराब फॉर्म के चलते उन्हें चयनकर्ताओं ने उपकप्तान के पद से हटा दिया. बीसीसीआई सिलेक्टर्स ने दिल्ली में खेले गए टेस्ट के बाद शेष दो मैचों के लिए टीम इंडिया का एलान किया. जिसमें चयनकर्ताओं ने किसी भी खिलाड़ी को उपकप्तान पद के लिए नहीं चुना.





