RSS दफ्तर की दीवार पर ‘पेशाब’ को लेकर मारपीट, 3 गिरफ्तार, दंगा फैलाने और हत्या की कोशिश के आरोप
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में दुबई से लौटे एक बैंकर को आरएसएस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। उनके छोटे भाई और पिता को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। इतना ही नहीं, उन पर दंगा फैलाने और हत्या का प्रयास करने के मामले में केस दर्ज किया गया है। आरोपी के कथित तौर पर आरएसएस के कार्यालय की दीवार पर पेशाब करने के बाद हुए विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई, जिसके बाद ये गिरफ्तारियां हुई हैं। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं।जानकारी के मुताबिक, शशांक गुप्ता और उनकी 27 साल की पत्नी आयुषी जो एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, संयुक्त अरब अमीरात में काम करते थे। अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए पांच महीने पहले वह उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में लौटे थे। आरएसएस और कुछ दक्षिणपंथी समूहों के सदस्यों ने आरएसएस दफ्तर की दीवार पर पेशाब करने को लेकर हुए झगड़े के बाद शशांक, उनके छोटे भाई शिवांक (29) और उनके पिता मुकेश कुमार गुप्ता (57) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।




