लद्दाख सड़क दुर्घटना में शहीद जवान का शव रांची पहुंचा

लद्दाख में सेना के जवानों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण अपनी जान गंवाने वाले शहीद संदीप कुमार पाल का पार्थिव शरीर रविवार की सुबह बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा। विशेष विमान से शव को झारखंड लाया गया। शहीद के शव को श्रद्धांजलि देने के लिए राज्यपाल रमेश बैस और झारखंड सरकार के परिवहन विभाग के मंत्री चंपई सोरेन एयरपोर्ट मौजूद रहे। दोनों ने पुष्पगुच्छ अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर संदीप के परिजन भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर आर्मी के अधिकारियों के साथ SSP रांची और सिटी SP भी मौके पर मौजूद रहे।
राज्यपाल ने शहीद के परिजनों से मुलाकात की। पीड़ित परिवार के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। संदीप के बलिदान को याद किया। कहा कि परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। शहीद का शव करीब 8 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचा। सलामी और श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद पूरे सम्मान के साथ पार्थिव शरीर को सेना की गाड़ी में रखकर हजारीबाग रवाना किया गया। इस दौरान भारत माता की जय, शहीद संदीप अमर रहें के नारे गूंजते रहे।
Source : Dainik Bhaskar



