Uncategorized

हजारीबाग में बस पर पथराव, बजरंग दल के 10 कार्यकर्ता घायल तो मचा हड़कंप

झारखंड की राजधानी रांची में ‘शौर्य जागरण यात्रा कार्यक्रम’ हुआ। जिसमें हिस्सा लेने के बाद हजारीबाग लौट रहे बजरंग दल कार्यकर्ताओं की बस पर एक भीड़ ने पथराव कर दिया। इस पथराव में करीब 10 कार्यकर्ता घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह घटना रविवार रात करीब आठ बजकर 45 मिनट पर हजारीबाग के समीप पेलावल इलाके में एक मस्जिद के पास हुई।

हजारीबाग के एसपी ने बताया क्या हुआ था

हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक मनोज रतन छोटे ने बताया कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। घटना में शामिल दोनों समूहों के लोगों की पहचान कर ली गई है। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच के आधार पर गिरफ्तारियां की जाएंगी क्योंकि पथराव करने वाले एक विशेष समुदाय के सदस्यों ने आरोप लगाया कि बस मस्जिद के सामने रुकी थी। यात्रियों ने ‘जय श्री राम’ और अन्य नारे लगाए थे।

अचानक पत्थरबाजी में कई लोग घायल

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह घटना हजारीबाग शहर के समीप पेलावल में एक मस्जिद के सामने हुई। जब बस के यात्री हजारीबाग से करीब 30 किलोमीटर दूर कटकमसांडी लौट रहे थे। उन्होंने दावा किया कि पुलिस बल के समय रहते मौके पर पहुंचने के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस की सुरक्षा में बस को कटकमसांडी के लिए रवाना किया गया जबकि कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश कर रहे लोगों को खदेड़ा गया।

पुलिस अफसर बोले- दोषियों पर एक्शन होगा

पुलिस अधिकारी ने कहा कि अराजक तत्वों की पहचान कर ली गयी है और आज उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इलाके में शांति भंग करने की योजना बनाने वाले लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा। प्रशासन दोनों समूहों की इस तरह की हरकत को बर्दाश्त नहीं कर सकता। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल ने रांची में रविवार को चार ‘शौर्य जागरण यात्रा’ निकाली। ये यात्रा अगले साल जनवरी में राम मंदिर (अयोध्या) के निर्धारित उद्घाटन के मद्देनजर रीति-रिवाजों के लिए लोगों को आमंत्रित करने के वास्ते निकाली गई थी।

रातू रोड स्थित पहाड़ी मंदिर, चुटिया के मंडा मैदान, बड़गाईं के पंचमुखी हनुमान मंदिर और रातू गढ़ से निकाली गई यात्रा में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरने के बाद चार रथ में सवार कार्यकर्ता प्रभात तारा मैदान पहुंचे जहां एक धार्मिक सभा में इसका समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button