नाम बदल कर करता था शादी, फिर शुरू होता था ‘गंदा खेल’, अब यूं पकड़ा गया आरोपी
झारखंड पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर महिलाओं-युवतियों को प्रेम जाल में फंसाता। एक बार उसके जाल में जब कोई लड़की या महिला फंस जाती तब वो अपना ‘गंदा खेल’ शुरू करता। आरोपी प्रेम जाल में फंसी युवतियों और महिलाओं का यौन शोषण करता और फिर उन्हें ब्लैकमेल करता। आरोपी युवक का नाम मोहम्मद सद्दाम है। इसे गिरिडीह जिले की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरिडीह के गांवा थाना क्षेत्र का वादीडीह निवासी इस युवक ने एक महिला को मिलने के बहाने होटल में बुलाया। फिर जबरन उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। इसके बाद उसने महिला के पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उसका यौन शोषण किया। इस दौरान आरोपी ने महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें खीचीं और वीडियो बनाया। फिर इसे वायरल भी कर दिया।
गिरिडीह के साइबर डीएसपी संदीप सुमन ने बताया कि पीड़िता ने बीते 9 सितंबर को इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस ने रविवार को उसे पारसनाथ रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। वह महिला को जबरन अपने साथ कोलकाता ले जाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। वह सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।




