Uncategorized

उत्तर और पूर्व बिहार के लोग सावधान, भारी पड़ेंगे अगले 48 घंटे! मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बिहार के सभी जिलों में इसका प्रभाव देखा जा रहा है। गुरुवार से ही प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो रही है। कहीं हल्की-फुल्की तो कहीं तेज बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी पूरे राज्य में बादल छाए हुए हैं। खबरों की माने तो 36 घंटे के अंदर प्रदेश में वज्रपात से 12 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को नवादा में ठनका की चपेट में आने से तीन युवकों की जान चली गई। मौसम विभाग ने मुजफ्फरपुर, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, सिवान जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है, जबकि कई इलाकों में वज्रपात की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर और पूर्व बिहार के लिए अगले 48 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अगले 48 घंटे काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।मौसम विभाग का कहना है कि बिहार में मानसून अनुमानित समय से एक दिन पहले 12 जून को प्रवेश किया था। एक-दो दिन बारिश के बाद मानसून की रफ्तार बहुत धीमी हो गई थी। हालांकि एक बार फिर इसका असर दिखना शुरू हो गया है। गुरुवार के प्रदेश के अधिकांश हिस्सों मे बारिश हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को प्रदेश के 14 जिलों में अच्छी बारिश हुई है।

बारिश ने खोली पटना नगर निगम की पोल

दूसरी ओर बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसान भी खेतों में उतर गए हैं। इस बीच, पटना में इस बारिश ने नगर निगम की पोल खोल दी। कई इलाकों में पानी जमा हो गया है तथा वीआईपी इलाके माने जाने वाले वीरचंद पटेल में कई स्थानों पर सड़क धंस गई है। पटना में पिछले 24 घंटे से हो रही बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। जलजमाव को देखते हुए राजधानी में कई निजी स्कूलों ने खुलते ही छुट्टी का नोटिस चिपका दिया। जिला प्रशासन के निर्देश से बुधवार तक गर्मी के कारण स्कूल बंद थे।

इधर, वीरचंद पटेल पथ सड़क कई स्थानों पर धंस गई। सड़क के धंसने के कारण कई वाहन भी फंस गए, जिसे बड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। बताया गया कि इस पथ पर जज आवास के पास खुदाई कर पाइप लाइन बिछाई गई थी और ऊपर से मिट्टी से भर दिया गया था। इसी इलाके में राजद, जदयू, भाजपा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दफ्तर हैं। 24 घंटे से पटना में रुक रुककर बारिश हो रही है। गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे से लेकर शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 143 मिमी बारिश हुई है। सुबह तीन बजे से बारिश की तीव्रता ज्यादा रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button