National

यूट्यूबर मनीष कश्यप की मदुरै कोर्ट में हुई पेशी, अदालत ने तीन दिन के लिए तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में भेजा

तमिलनाडु में प्रवासी मजदूरों पर हमले के फर्जी वीडियो साझा करने के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर मनीष कश्यप को अदालत में पेश किया गया. बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप को मदुरै की एक अदालत ने तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. मनीष कश्यप को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया गया था. मदुरै पुलिस की अपराध शाखा ने कश्यप के खिलाफ मामला दर्ज किया था. हालांकि इसी बीच मनीष कश्यप ने बिहार में सरेंडर कर दिया था. इसके बाद तमिलनाडु पुलिस की टीम उसे रिमांड पर मदुरै ले आई. कश्यप की तरफ से पेश वकील ने कहा कि उनके मुवक्किल के खिलाफ अलग-अलग जगहों, जैसे बिहार, मदुरै और तिरुपुर में समान अपराध में मामले दर्ज किए गए हैं.

अधिवक्ता ने कहा कि पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए दस्तावेज पेश किए बिना मनीष कश्यप को गिरफ्तार कर लिया था, लिहाजा उसे जमानत दी जानी चाहिए. अधिवक्ता ने कहा कि मनीष कश्यप को जांच के लिए पुलिस हिरासत में सौंपने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए. वहीं, तमिलनाडु सरकार ने कहा कि कश्यप के फर्जी वीडियो ने लोगों के बीच शांति और भाईचारे की भावना को नुकसान पहुंचाया. सरकार ने कहा कि पुलिस कश्यप को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ करेगी, तभी मामले के मुख्य षड्यंत्रकर्ता का पता चल पाएगा. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने कश्यप को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button