नेत्रहीन बच्चों की प्रतिभा देखकर आप रह जाएंगे दंग, पढ़ाई करने के साथ खुद से कंपोज कर बनाते हैं एल्बम
रांची: रांची में दृष्टिबाधित यानी नेत्रहीन बच्चों का एक ऐसा ग्रुप है जो पढ़ाई तो करता है ब्रेल लिपि से लेकिन इनके बनाए हुए वीडियो एल्बम अच्छे-अच्छे लोगो को अपने आप थिरकने पर मजबूर कर देते हैं। बेहद ही खास बात यह है कि वीडियो एल्बम बनाने के लिए यह बच्चे खुद से गाना तैयार करते हैं, उसकी धुन बनाते हैं और खुद ही गाने को गाकर यूट्यूब समेत अन्य सोशल मीडिया पर अपलोड की करते हैं।बात कर रहे हैं हम रांची के हरमू स्थित राजकीय नेत्रहीन मध्य विद्यालय और यहां के बच्चों की। कहा जाए तो यहां के बच्चों पर ज्ञान और संगीत की देवी सरस्वती की विशेष कृपा बनी हुई है। मध्य विद्यालय में पढ़ने वाले छोटी सी उम्र के इन बच्चों ने संगीत की दुनिया में धमाल मचा दिया है। इनके बनाए हुए गाने आज यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया पर ढेरो लाइक और कमेंट पा रहे हैं। बात होली और रामनवमी जैसे पर्व की हो या फिर किसी अन्य उत्सव की। नेत्रहीन विद्यालय के इन बच्चों की खुशियां मनाने का तरीका बिल्कुल अलग है। कुछ खास मौके पर यहां के बच्चे पर्व त्योहार के अनुरूप खुद से गाने कंपोज करते हैं, गाते हैं और उसे यूट्यूब पर अपलोड करते हैं।




